
इंदौर यातायात अव्यवस्था पर कांग्रेस का घेराव, 2000 नए पुलिस जवान और 10 ट्रैफिक थाने खोलने की मांग
इंदौर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और रोजाना लगने वाले जाम से परेशान होकर इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को यातायात मुख्यालय का घेराव किया। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर शहर में 10 नए यातायात थाने खोलने और यातायात इकाई में पुलिस बल बढ़ाने की मांग की है।
यातायात व्यवस्था सुधारने 2000 जवानों की मांग
शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बताया कि इंदौर की वर्तमान यातायात व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। रोजाना जाम के कारण आम जनता, एम्बुलेंस और स्कूली विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, “इंदौर में 10 नए यातायात थाने खोलने के साथ-साथ 2000 से अधिक पुलिस बल की नियुक्ति तत्काल की जानी चाहिए ताकि यातायात व्यवस्था में सुधार लाया जा सके। वर्तमान में जो पुलिस बल है, वह भी वीआईपी ड्यूटी में लगा रहता है, जिससे यातायात नियंत्रण प्रभावित होता है।”
जाम में फंसकर जा चुकी हैं 5 जानें
कांग्रेस द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कुछ दिनों में जाम में फंसने के कारण 5 लोगों की मौत हो चुकी है। लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते। एम्बुलेंस और परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थी भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे कई बार गंभीर स्थितियां उत्पन्न हो जाती हैं।
हर चौराहे पर दबाव, लेकिन तैनात नहीं जवान
ज्ञापन में कहा गया कि इंदौर के सभी व्यस्त चौराहों और तिराहों पर यातायात का अत्यधिक दबाव रहता है। राजबाड़ा, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, गोपुर चौराहा, पटेल स्टेच्यू, छावनी, लसूड़िया, मालवा मिल, पाटनीपुरा, बाणगंगा, मरीमाता, मल्हारगंज, बड़ा गणपति, चंदन नगर, विजय नगर, सुपर कॉरिडोर जैसे क्षेत्र हमेशा ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझते हैं।
कई चौराहों पर यातायात पुलिस मौजूद नहीं रहती, और जहां रहती है, वहां चालानी कार्रवाई या मोबाइल में व्यस्त नजर आती है, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है।
फुटपाथों पर अवैध कब्जे, पैदल चलना मुश्किल
ज्ञापन में फुटपाथों पर बढ़ रहे अवैध कब्जों का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने कहा कि फुटपाथों पर कब्जों के कारण लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है, जिससे सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों की दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। कांग्रेस ने कहा कि शहर में विकास कार्य टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के अनुसार नहीं किए जा रहे, जिससे यातायात और शहरी अव्यवस्था बढ़ती जा रही है।
कांग्रेस की मांगें
- इंदौर में 10 नए यातायात थाने खोले जाएं।
- यातायात पुलिस बल में 2000 जवानों की भर्ती शीघ्र की जाए।
- फुटपाथों से अवैध कब्जे हटाए जाएं।
- सभी व्यस्त चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
- शहर के विकास कार्य नियोजन के तहत किए जाएं।
कांग्रेस का ऐलान- समाधान नहीं तो आंदोलन
देवेन्द्र यादव ने कहा कि अगर यातायात व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस शहरवासियों की सहूलियत और सुरक्षा के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि इंदौर की यातायात व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कदम उठाए जाएं ताकि जनता को राहत मिल सके।
इंदौर में तेजी से बढ़ते ट्रैफिक दबाव, अव्यवस्थित विकास और पुलिस बल की कमी से नागरिकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस की मांग है कि प्रशासन इस समस्या पर त्वरित संज्ञान लेकर समाधान सुनिश्चित करे।
- By Pradesh Express
- Edited By: Pradesh Express Editor
- Updated: Sat, 19 Jul 2025 11:46 AM (IST)