11 April 2026
भाजपा पार्षद की सजगता से चाइना डोर में फंसे दुर्लभ सफेद उल्लू की जान बची

भाजपा पार्षद की सजगता से चाइना डोर में फंसे दुर्लभ सफेद उल्लू की जान बची

इंदौर, 29 जुलाई 2025। इंदौर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित कमला नेहरू कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक दुर्लभ सफेद उल्लू पेड़ पर फंसा हुआ पाया गया। यह उल्लू चाइना की कटी पतंग की डोर में उलझ गया था और कई घंटों से फंसा हुआ था। स्थानीय भाजपा पार्षद राहुल जायसवाल की सजगता से समय रहते नगर निगम की क्रेन की मदद से उल्लू को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद जायसवाल तुरंत मौके पर पहुंचे और नगर निगम को सूचना देकर रेस्क्यू टीम बुलवाई। करीब आधे घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद सफेद उल्लू को सकुशल नीचे उतारा गया। इसके बाद पार्षद द्वारा तुरंत वन विभाग और चिड़ियाघर प्रशासन को सूचना दी गई।

रेस्क्यू के बाद उल्लू को चेकअप के लिए वन विभाग के अधिकारियों को सौंपा गया। प्रारंभिक जांच में बताया गया कि उल्लू के पंखों में मामूली चोटें हैं, लेकिन वह खतरे से बाहर है। वन विभाग की टीम ने उसे निगरानी में लिया है और स्वस्थ होने के बाद उसे वापस जंगल में छोड़ा जाएगा।

पार्षद राहुल जायसवाल ने इस मौके पर लोगों से अपील की कि वे चाइना डोर का उपयोग न करें, क्योंकि यह न केवल इंसानों के लिए बल्कि पक्षियों के लिए भी जानलेवा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं, इसलिए प्रशासन और आम जनता दोनों को सजग रहने की आवश्यकता है।

यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि यदि जनप्रतिनिधि और समाज सजग रहें, तो न सिर्फ मानव जीवन बल्कि वन्य जीवों की भी रक्षा संभव है।