08 October 2025
इंदौर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आगमन, महू सैन्य छावनी में “संयुक्त रण संवाद” कार्यक्रम में होंगे शामिल

इंदौर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आगमन, महू सैन्य छावनी में “संयुक्त रण संवाद” कार्यक्रम में होंगे शामिल

इंदौर। मध्यप्रदेश का ऐतिहासिक सैन्य क्षेत्र महू छावनी आज एक बार फिर बड़े आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। यहां आयोजित होने जा रहे “संयुक्त रण संवाद” (Joint War Dialogue) कार्यक्रम में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह आयोजन भारतीय सेना के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें देश की तीनों सेनाओं के शीर्ष अधिकारी एक साथ मौजूद रहेंगे।

रक्षा मंत्री का इंदौर में यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह सुबह इंदौर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां से उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच महू ले जाया जाएगा। इंदौर एयरपोर्ट से लेकर महू सैन्य छावनी तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। शहर और छावनी क्षेत्र में पुलिस व सेना के जवानों को रणनीतिक रूप से तैनात किया गया है।

इस कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान की मौजूदगी भी रहेगी। इसके साथ ही तीनों सेनाओं के प्रमुख भी शामिल होंगे। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह, और थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी इस महत्वपूर्ण संवाद का हिस्सा बनेंगे। हालांकि सूत्रों के मुताबिक थल सेना प्रमुख की जगह जनरल पुष्पेंद्र सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।

महू में इस तरह का आयोजन कई वर्षों बाद हो रहा है। “संयुक्त रण संवाद” कार्यक्रम का उद्देश्य तीनों सेनाओं के बीच तालमेल को और मजबूत करना तथा भविष्य की सामरिक चुनौतियों के लिए साझा रणनीति तैयार करना है। रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, बदलते वैश्विक हालात और आधुनिक युद्ध की चुनौतियों को देखते हुए यह कार्यक्रम भारतीय सेना की तैयारी और क्षमता को और मजबूती देगा।

रूपेश द्विवेदी एडिशनल एसपी महू सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बाइट

कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पहले ही रिहर्सल कर ली है। इंदौर से महू तक आने-जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है और चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। महू क्षेत्र को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से इसे नो-फ्लाइट ज़ोन घोषित कर दिया है।

स्थानीय लोगों और सैन्य क्षेत्र में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। कई वर्षों बाद महू छावनी इस तरह के भव्य और रणनीतिक स्तर के आयोजन की मेजबानी कर रही है, जिसमें देश के शीर्ष रक्षा नेतृत्व एक साथ मंच साझा करेगा।