10 October 2025
दूसरी महिला के साथ रहने पर विवाद, पति ने पहली पत्नी पर किया चाकू से हमला

दूसरी महिला के साथ रहने पर विवाद, पति ने पहली पत्नी पर किया चाकू से हमला

इंदौर। 23 जुलाई 2025

इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी वारदात के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

आजाद नगर पुलिस के अनुसार आरोपी राजकुमार की पीड़िता से शादी लगभग आठ साल पहले हुई थी। कुछ समय से दोनों अलग रह रहे थे और पारिवारिक विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इस बीच राजकुमार एक अन्य महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।

रविवार को पीड़िता का एक रिश्तेदार, जो खुद को उसका पति भी बता रहा है, महाराष्ट्र से इंदौर आया और राजकुमार से मुलाकात की। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर राजकुमार ने अपनी पहली पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया।

महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी राजकुमार मौके से फरार हो गया और उसके घर पर ताला लगा मिला। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर विभिन्न ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।

आजाद नगर थाना पुलिस का कहना है कि मामला पारिवारिक विवाद और दूसरी महिला के साथ रहन-सहन को लेकर उपजा, जिससे यह हिंसक वारदात हुई। पुलिस ने आरोपी राजकुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।