
इंदौर में मृत पशुओं के लिए अंतिम संस्कार की व्यवस्था, राख से बनेगी खाद
इंदौर। शहर में अब मृत पालतू और आवारा पशुओं के अंतिम संस्कार की आधुनिक व्यवस्था शुरू होने जा रही है। नगर निगम ट्रेंचिंग ग्राउंड पर इंसीनरेटर लगाकर मृत पशुओं का अंतिम संस्कार करेगा। अब तक यहां मृत पशुओं को केवल दफनाया जाता था।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि पहले मृत जानवरों को दफनाने की प्रथा थी, लेकिन अब इंसीनरेटर के जरिए उनका व्यवस्थित अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद निकलने वाली राख को खाद के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

शहर में पालतू कुत्तों और बिल्लियों की संख्या अधिक होने के बावजूद, उनके निधन के बाद अंतिम संस्कार की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं थी, जिससे लोगों को परेशानी होती थी। नई सुविधा के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी।
महापौर ने कहा कि यह कदम नगर निगम के कई नवाचारों में से एक है, जिनमें रोड स्वीपिंग, मिक्स्ड वेस्ट मैनेजमेंट और प्लास्टिक से फ्यूल बनाने जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। ट्रेंचिंग ग्राउंड पर ही एनीमल कॉरकस की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए वर्क ऑर्डर, टेंडर और एजेंसी का चयन पूरा हो चुका है और काम जल्द शुरू होगा।
- By Pradesh Express
- Edited By: Pradesh Express Editor
- Updated: Tue, 12 Aug 2025 06:31 AM (IST)