09 October 2025
इंदौर मेट्रो का एक महीना: यात्री घटे, समय बदला, किराया बढ़ा; अब 500 भी नहीं कर रहे सफर

इंदौर मेट्रो का एक महीना: यात्री घटे, समय बदला, किराया बढ़ा; अब 500 भी नहीं कर रहे सफर

इंदौर मेट्रो के 5.9 किमी लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर पर कमर्शियल रन को एक महीना पूरा हो चुका है। शुरुआती दिनों में मेट्रो ने यात्रियों की संख्या के मामले में रिकॉर्ड बनाए थे, लेकिन अब हालात बदल गए हैं।

शुरुआत में रोजाना 25 हजार से ज्यादा लोग मेट्रो में सफर कर रहे थे, लेकिन अब यह आंकड़ा घटकर 500 से भी नीचे पहुंच गया है। सिर्फ शनिवार और रविवार को ही यह संख्या 1000 पार कर पा रही है।

पहले सप्ताह में मेट्रो में 1 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया था, लेकिन अब साप्ताहिक आंकड़ा भी 10 हजार को पार नहीं कर पा रहा है।

समय और किराया दोनों में बदलाव

यात्रियों की घटती संख्या को देखते हुए मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने मेट्रो संचालन की समय-सारणी और किराये में बदलाव किए हैं। 23 जून 2025 से लागू नई व्यवस्था के तहत अब मेट्रो का संचालन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक किया जा रहा है, जबकि पहले यह सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक थी। इसके साथ ही पहले हर 15 मिनट में मेट्रो चलती थी, लेकिन अब हर 1 घंटे में एक मेट्रो चलाई जा रही है।

1.95 लाख यात्रियों ने किया सफर, अब राहत कम

31 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल शुभारंभ के बाद 21 जून तक कुल 1 लाख 95 हजार 303 यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया। पहले सप्ताह फ्री राइड और बाद में किराए में 75% और 50% तक की रियायतें दी गईं। फिलहाल यात्रियों को टिकट दर पर 25% की रियायत दी जा रही है।

पिछले सप्ताह की यात्री संख्या

पिछले सप्ताह इंदौर मेट्रो में कुल 11,579 यात्रियों ने सफर किया।

  • 22 जून: 5,273 यात्री
  • 23 जून: 690 यात्री
  • 24 जून: 501 यात्री
  • 25 जून: 717 यात्री
  • 26 जून: 488 यात्री
  • 27 जून: 503 यात्री
  • 28 जून: 1,289 यात्री (शनिवार)
  • 29 जून: 4,118 यात्री (रविवार)

समय पर नहीं चल रही मेट्रो

वर्तमान शेड्यूल के अनुसार मेट्रो हर घंटे चलनी चाहिए, लेकिन ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक मेट्रो अपने समय से करीब 15 मिनट लेट चल रही है। दैनिक भास्कर की टीम जब स्टेशन पहुंची तो स्टेशन मास्टर ने बताया कि ट्रेन 5 बजे आएगी, जबकि ट्रेन 5:15 बजे आई।

इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर लगे ऑटोमैटिक गेट भी पूरी तरह से सुचारू रूप से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।