
इंदौर में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन: चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप, 5 फुट बड़ा ‘कमल छाप चश्मा’ बनाकर जताया विरोध
इंदौर। चुनाव आयोग के कथित पक्षपात और लोकतंत्र की हत्या के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को अनोखा प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 5 फुट लंबा विशेष चश्मा बनाया, जिस पर ‘कमल छाप E C’ लिखा था। प्रदर्शन का उद्देश्य चुनाव आयोग पर आरोप लगाना था कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर काम कर रहा है और निष्पक्ष चुनाव कराने में विफल हो रहा है।

कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल और गिरीश जोशी ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हाल ही में चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रमाण सहित दावा किया है कि चुनाव आयोग वोटों की चोरी में संलिप्त है और भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए फर्जी मतदाता जोड़ रहा है। राहुल गांधी ने कर्नाटक की महादेवपुरम विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बीच लाखों वोट अचानक बढ़ा दिए गए, जिससे भाजपा को फायदा हुआ। इसी तरह महाराष्ट्र में भी विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बीच 40 लाख से ज्यादा मतदाता जोड़े गए।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कई घरों में 80-80 मतदाता दर्ज हैं और कई घरों के मकान नंबर ‘शून्य’ हैं, फिर भी चुनाव आयोग ने इस गंभीर मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि आयोग अपने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय विपक्षी नेताओं पर शपथ पत्र देने का दबाव बना रहा है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, यह रवैया इस बात का प्रमाण है कि एक संवैधानिक और स्वतंत्र संस्था होते हुए भी चुनाव आयोग भाजपा के हाथ की कठपुतली बन गया है।
इसी के विरोध में इंदौर में यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया। ‘कमल छाप E C’ चश्मे के साथ एक स्लोगन भी लिखा गया—“बीजेपी को वोट, लोकतंत्र पर चोट।” कांग्रेस का कहना है कि इस चश्मे से यह दिखाने का प्रयास किया गया कि चुनाव आयोग के अधिकारियों को केवल भाजपा और उसका चुनाव चिन्ह ‘कमल’ ही दिखाई देता है, जबकि फर्जी वोटर और चुनावी गड़बड़ियों पर वे आंख मूंद लेते हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर चुनाव आयोग ने अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता नहीं दिखाई, तो आने वाले समय में देश का लोकतांत्रिक ढांचा गंभीर खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने जनता से भी अपील की कि लोकतंत्र बचाने के लिए जागरूक रहें और किसी भी चुनावी गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठाएं।
- By Pradesh Express
- Edited By: Pradesh Express Editor
- Updated: Tue, 12 Aug 2025 09:14 AM (IST)