बिना हेलमेट पेट्रोल न देने पर युवक ने पेट्रोल पंप पर फेंकी जलती तीली, चाकू दिखाकर दी धमकी
इंदौर शहर में हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर प्रशासन द्वारा लागू किए गए “नो हेलमेट-नो पेट्रोल” नियम के खिलाफ एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। छोटा बांगड़दा स्थित शुक्ला ब्रदर्स पेट्रोल पंप पर शुक्रवार शाम उस समय हंगामा हो गया जब बिना हेलमेट पेट्रोल मांगने पहुंचे युवकों ने कर्मचारियों से विवाद करते हुए एक के बाद एक खतरनाक हरकतें कर डालीं।
घटना का सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया, जिसमें तीन युवक बाइक से पंप पर आते दिखाई दे रहे हैं। जब कर्मचारियों ने बिना हेलमेट पेट्रोल देने से मना किया, तो बाइक पर पीछे बैठे दो युवक उतरे और पंप कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर धमकी दी – “अब बिना हेलमेट लगाए पेट्रोल लेंगे, देखते हैं कौन रोकता है, और पैसे भी नहीं देंगे।”
जब पंप का अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा, तब एक युवक ने माचिस जलाकर पेट्रोल टंकी के पास तीली फेंक दी, जबकि दूसरा बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया। सौभाग्य से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
यह पेट्रोल पंप सुबोध शुक्ला, मनोज शुक्ला और आशुतोष शुक्ला के परिवार द्वारा संचालित किया जाता है। मामले में वीरेंद्र धौलपुरिया की शिकायत पर एरोड्रम थाना पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदौर में प्रशासन द्वारा लागू की गई “नो हेलमेट-नो पेट्रोल” नीति का यह दूसरा दिन था। शुक्रवार से ही सभी पंपों पर बिना हेलमेट पेट्रोल देने पर रोक सख्ती से लागू की गई है। सूचना के लिए जगह-जगह बोर्ड भी लगाए गए हैं। नियम का पालन न करने पर दो पेट्रोल पंपों को सील भी किया गया, हालांकि विधायक गोलू शुक्ला के परिवार के पंप को फिलहाल छोड़ा गया है।
इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि यह स्पष्ट करना जरूरी है कि यातायात नियम और सड़क सुरक्षा अलग मुद्दे हैं। हेलमेट का उपयोग अत्यंत आवश्यक है, चाहे ट्रैफिक जाम की स्थिति हो या अन्य कोई असुविधा। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि प्रशासन के इन प्रयासों में पूर्ण सहयोग करें।
कलेक्टर ने यह भी आदेश जारी किया है कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य आगंतुकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनना होगा। अब सिर्फ पेट्रोल पंप ही नहीं, बल्कि जिले के सभी कार्यालयों में भी बिना हेलमेट प्रवेश वर्जित रहेगा। कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि आने वाले सभी दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के साथ ही परिसर में प्रवेश करने दिया जाए।
- By Pradesh Express
- Edited By: Pradesh Express Editor
- Updated: Sat, 02 Aug 2025 08:43 AM (IST)