11 April 2026
इंदौर: गड्ढों में बैठकर कांग्रेस नेताओं ने गाया भजन, भाजपा का झंडा गाड़कर किया विरोध, कहा- शहर की सड़कों पर रोज हो रहे हादसे, जिम्मेदार सिर्फ भाजपा और निगम

इंदौर: गड्ढों में बैठकर कांग्रेस नेताओं ने गाया भजन, भाजपा का झंडा गाड़कर किया विरोध, कहा- शहर की सड़कों पर रोज हो रहे हादसे, जिम्मेदार सिर्फ भाजपा और निगम

इंदौर।
शहर की खस्ताहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराते हुए सड़कों पर बने गहरे गड्ढों में बैठकर भजन गाए और उन्हीं गड्ढों में भाजपा का झंडा गाड़कर विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस का आरोप: हादसे और मौत के लिए भाजपा जिम्मेदार
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इंदौर स्मार्ट सिटी का दावा करने वाली भाजपा सरकार और नगर निगम शहरवासियों को गड्ढों में धकेल रही है। बारिश में सड़कों पर गहरे गड्ढे हादसों की वजह बन रहे हैं, जिसके चलते रोजाना लोग चोटिल हो रहे हैं और कई मामलों में मौतें भी हो चुकी हैं।

फोटो खिंचवा कर चल रहा काम, सड़कों की हालत जस की तस
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर निगम केवल सोशल मीडिया पर फोटो खिंचवाने और अपनी पीठ थपथपाने में लगा है, लेकिन हकीकत यह है कि शहर की सड़कों की हालत पहले से भी खराब हो चुकी है। निगम के पास सड़कों के गड्ढे भरने के नाम पर फंड और मशीनरी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।

भजन और गड्ढों में झंडा गाड़कर जताया विरोध
इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता गड्ढों में बैठकर भजन गाते नजर आए और उन्होंने भाजपा का झंडा गड्ढे में गाड़कर यह संदेश दिया कि भाजपा ने शहर को गड्ढों में धकेल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक नगर निगम और भाजपा सड़कों को दुरुस्त नहीं करते, उनका यह विरोध जारी रहेगा।

कांग्रेस ने दी चेतावनी: जल्द नहीं सुधरी सड़कें तो होगा बड़ा आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर शहर की सड़कों को जल्द नहीं सुधारा गया और गड्ढे नहीं भरे गए तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जनता से टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन सुविधाएं देने में निगम और भाजपा दोनों असफल साबित हुए हैं।

इस विरोध में शहर कांग्रेस अध्यक्ष, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी और जनता के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब जनता सड़क की लड़ाई खुद लड़ेगी।