09 October 2025
इंदौर में कपड़ा व्यापारी ने जहर खाकर की आत्महत्या, सूदखोरों पर प्रताड़ना का आरोप

इंदौर में कपड़ा व्यापारी ने जहर खाकर की आत्महत्या, सूदखोरों पर प्रताड़ना का आरोप

इंदौर। शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक रेडीमेड कपड़ा व्यापारी ने सूदखोरों की प्रताड़ना से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले व्यापारी ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें कुछ लोगों पर कर्ज लौटाने के बाद भी अधिक ब्याज मांगने और परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है।

पत्नी और बच्चों से कहा- मार्केट जा रहा हूं

जानकारी के अनुसार, मृतक कपड़ा व्यापारी की पहचान महेंद्र यादव के रूप में हुई है। शनिवार सुबह महेंद्र ने पत्नी और बच्चों से कहा कि वह मार्केट जा रहा है, जिसके बाद वह घर से निकल गया। महेंद्र सीधे जिला अस्पताल पहुंचा, जहां उसने डॉक्टर को बताया कि उसने जहर खा लिया है।

इलाज के दौरान बिगड़ी हालत, हुई मौत

डॉक्टरों ने तत्काल महेंद्र का इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई। हालत गंभीर होने पर उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आत्महत्या से पहले वीडियो में आरोप

महेंद्र यादव ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने कुछ सूदखोरों पर परेशान करने का आरोप लगाया। महेंद्र ने कहा कि उसने समय पर उधार के पैसे वापस कर दिए थे, इसके बावजूद सूदखोर अधिक ब्याज की मांग कर रहे थे और उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। महेंद्र ने कहा कि अब वह इस प्रताड़ना से तंग आ चुका है और जहर खाकर आत्महत्या कर रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही चंदन नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल और वीडियो कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि वीडियो और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उन्हें जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। पुलिस आत्महत्या के कारणों की पूरी जांच कर रही है और मृतक के बैंक लेन-देन, उधारी और अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल की जा रही है।

परिवार में मचा कोहराम

व्यापारी महेंद्र यादव की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने भी कुछ लोगों पर महेंद्र को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इंदौर में सूदखोरी और गैरकानूनी रूप से ब्याज वसूली की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे व्यापारी वर्ग में भय और तनाव का माहौल है। व्यापारी संगठनों ने भी प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि किसी अन्य परिवार को ऐसी पीड़ा का सामना न करना पड़े।