09 October 2025
किन्नौर की श्रुति नेगी बैंकॉक में लहराएंगी भारत का परचम

किन्नौर की श्रुति नेगी बैंकॉक में लहराएंगी भारत का परचम

किन्नौर। किन्नौर की होनहार बेटी श्रुति नेगी ने जिले और हिमाचल का नाम रोशन कर दिया है। श्रुति का चयन थाईलैंड के बैंकॉक में आयोजित होने वाली अंडर-22 महिला एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। वर्तमान में श्रुति नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, रोहतक में कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।

जानकारी के अनुसार, श्रुति किन्नौर जिले के चांसु गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता का नाम संजय कुमार और मां का नाम सीता देवी है। बेटी की इस उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।

बचपन से थी प्रतिभा
श्रुति की प्रतिभा को सबसे पहले उनके शारीरिक शिक्षा शिक्षक कर्म चंद नेगी ने पहचाना और हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि श्रुति ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता किन्नौर जैसे सीमांत क्षेत्र के लिए गर्व की बात है और यह हिमाचल प्रदेश के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा देगी।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर उम्मीदें
श्रुति की इस उपलब्धि से न केवल किन्नौर बल्कि पूरे हिमाचल में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और कोचेज को उम्मीद है कि श्रुति बैंकॉक में आयोजित चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।