
भोपाल: पुलिस की मौजूदगी में बदमाश ने कांच से खुद का गला काटा, टीआई पर हत्या की कोशिश का आरोप
भोपाल | राजा खटीक नामक बदमाश ने पुलिस की मौजूदगी में कांच के टुकड़े से खुद का गला काट लिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजा 29 जून को हुए अमित वर्मा हत्याकांड का मुख्य गवाह है।
यह घटना बुधवार रात छोला मंदिर थाना क्षेत्र की है, जो गुरुवार को सामने आई। घटना के बाद घायल राजा खटीक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि टीआई सुरेशचंद्र नागर और उनके स्टाफ ने उसका गला काटकर उसकी हत्या करने की कोशिश की है।
हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को झूठा बताया है। पुलिस का कहना है कि राजा ने पुलिस पर दबाव बनाने की नीयत से खुद ही कांच के टुकड़े से गला काटने की कोशिश की है। राजा के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक केस पहले से दर्ज हैं।


पूछताछ के लिए थाने लाई थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, राजा खटीक अमित वर्मा हत्याकांड का मुख्य गवाह है। पुलिस जांच में सामने आया था कि मुख्य आरोपी नसीम बन्ने और वसीम खान, राजा की हत्या करना चाहते थे, लेकिन निशाना चूकने से गोली अमित वर्मा को लग गई और उसकी मौत हो गई।
पुलिस यह जांच कर रही थी कि आरोपियों की राजा से दुश्मनी क्यों थी और हत्या की कोशिश क्यों की गई। इसी पूछताछ के लिए राजा को थाने लाया गया था। मंगलवार को पुलिस ने वसीम को गिरफ्तार कर लिया था और राजा व वसीम को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की तैयारी थी।

इसी पूछताछ से बचने के लिए राजा ने थाने के सामने वाहन से उतरते ही एक कांच के टुकड़े से खुद का गला काटने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया, जिससे उसकी जान बच गई। डॉक्टरों ने राजा की हालत को स्थिर बताया है।
हवाला लूट की रकम को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया था कि हाल ही में शहर में कई हवाला लूटकांड हुए थे। टीटी नगर में हुए हवाला लूट की रकम के बंटवारे को लेकर वसीम के भाई और राजा खटीक के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते नसीम और वसीम ने 29 जून को छोला मंदिर थाना क्षेत्र की लीलाधर कॉलोनी में राजा की हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन गोली अमित वर्मा को लग गई थी।
- By Pradesh Express
- Edited By: Pradesh Express Editor
- Updated: Thu, 10 Jul 2025 12:01 PM (IST)